हरियाणा, 16 दिसंबर(बु.)। करनाल के गांव गगसीना में जमीनी विवाद में सुबह ही खूनी संघर्ष हो गया और जमकर गोलियां व तेजधार हथियार चले, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को घरौंडा सीएचसी ले जाया गया तो वहीं मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेजे गए। घटना के बाद गांव व आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई तो वहीं ग्रामीण दहशत में है तो माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल गांव में पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि दो पक्षों में तीन एकड़ जमीन को लेकर कई वर्षो से विवाद चला हुआ था। इसी के चलते कोर्ट में भी मामला चला हुआ था। दोनों पक्ष जमीन की निशानदेही को लेकर कई दिनों से तनातनी में थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे इसी तनाव के चलते ही दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर तेजधार हथियार चले। इसी बीच गोलियां भी चली, जिसमें 55 वर्षीय दिलबाग सिंह, 45 वर्षीय बलराज, 45 वर्षीय धन सिंह व 25 वर्षीय प्रवीन की मौत हो गई जबकि जोगिंद्र, जितेंद्र, हरदीप, सोनू, मीनू, रूप चंद, दयानंद व सुरेंद्र सहित कई अन्य घायल है। घायलों को सीएचसी घरौंडा ले जाया गया तो वहीं सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में भेज दिए गए।



