18.6 C
Muzaffarnagar
Sunday, November 8, 2026

दिल्लीः AAP ने BJP पर लगाया गंदी राजनीति करने का आरोप, पढ़िए पूरी खबर

नयी दिल्ली, 14 दिसंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली के लोग भाजपा की अक्षमता, भ्रष्टाचार और गंदी राजनीति से त्रस्त हो चुके हैं इसलिए यहां के लोगों ने भाजपा को निगम की सत्ता से बाहर करने और आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। श्री भारद्वाज ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली के लोग भाजपा को वोट देकर पछता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित निगमों के आयुक्त छुट्टी पर हैं और कार्यालयों में ताला लगाकर तीनों महापौर धरने पर बैठे हैं। उनकी पार्टी निगम में अब तक भ्रष्टाचार के सात मामलों का खुलासा कर चुकी हैं लेकिन अभी तक भाजपा की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि वह पिछले दो सप्ताह से लगातार संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से भाजपा द्वारा नगर निगम में किए जा रहे भ्रष्टाचार का खुलासा कर रहे हैं। इसी भ्रष्टाचार के चलते बीते निगम के चुनाव में भाजपा ने अपने पुराने तमाम निगम पार्षदों के टिकट काटकर नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा था क्योंकि उन्हें मालूम था कि दिल्ली की जनता उनके पार्षदों से बेहद नाराज है। भाजपा के नगर निगम में चल रहे इन भ्रष्टाचार का खुलासा करने के लिए ही आप ने भाजपा 181 नामक मुहिम की शुरुआत की थी, जिसमें वह प्रत्येक प्रेस वार्ता में भाजपा के एक भ्रष्टाचार का खुलासा कर रहे हैं। इस श्रंखला में वह अब तक भाजपा के सात अलग-अलग भ्रष्टाचारों का खुलासा कर चुके हैं।
आप प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा लगातार नए नए प्रकार के भ्रष्टाचार करती जा रही है और दूसरी तरफ अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफल होने पर अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर धरना प्रदर्शन का ढोंग कर रही है ताकि दिल्ली की जनता को असल मुद्दों से भटकाया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम के दोनों कमिश्नर पिछले 15 दिन से छुट्टी पर गए हुए हैं और तीनों महापौर निगम पार्षदों के साथ मुख्यमंत्री के घर के बाहर धरने पर बैठे हैं। दिल्ली की जिस जनता ने अपना कीमती वोट देकर भाजपा के लोगों को नगर निगम की सत्ता में बैठाया था आज वही जनता भाजपा के लोगों से और ज्यादा परेशान हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के खून पसीने की कमाई से दिए गए टैक्स के करोड़ों रुपयों का अब तक भाजपा गबन कर चुकी है। हाल ही में भाजपा का नगर निगम का 2500 करोड़ रुपए का घोटाला भी दिल्ली और देश की जनता के सामने उजागर हो चुका है। आम आदमी पार्टी अब भाजपा को दिल्ली की जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों को और नहीं लूटने देगी।
आजाद जितेन्द्र

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles