बरेली, 14 दिसंबर(बु.)। कहते है कि पैसे बड़े बड़े रिश्तों की बुनियाद को खोखला कर देता है। ये कहावत उस समय सच हो गई जब एक दुल्हा फेरे लेने के बाद दुल्हन को मंडप में छोड़कर फरार हो गया।दरअसल पूरा मामला बरेली से सामने आया है। जहां पर दूल्हे ने पहले दुल्हन के साथ फेरे लेकर साथ जीने मरने का वादा किया लेकिन जब सुबह रूपयों की बात आई तो दूल्हे का दुल्हन के पिता से विवाद हो गया। दूल्हे को पैसा का ये विवाद इतना नागवार गुजरा कि वह दुल्हन को ही छोड़कर फरार हो गया। मजबूर होकर लड़की पक्ष ने मामले की शिकायत इज्जतनगर पुलिस से की है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हकीकत क्या है। बताया जा रहा है कि पंचशील नगर का रहने वाला युवक मेडिकल कारोबारी है। युवक की बरात अशोक विहार गई थी। एक मैरिज हॉल में विवाह कार्यक्रम आयोजन किया गया था। बड़ी धूमधाम से द्वारचार से लेकर शादी की सभी रस्में पूरी की गईं । दूल्हे ने लड़की के साथ सात फेरे भी लिए। तब तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। इसके बाद जब सुबह कलेवा का कार्यक्रम आयोजित होना था। इससे पहले ही रुपयों को लेकर दूल्हे का लड़की के पिता से विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दूल्हा लड़की का साथ छोड़ फरार हो गया। काफी इंतजार करने के बाद भी जब दूल्हा नहीं लौटा तो पुलिस वालों ने इज्जत नगर थाने में शिकायत की। थाने के इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



