नयी दिल्ली 14 दिसंबर (वार्ता) पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 336 मरीजों की मौत हुयी है, इनमें से सबसे ज्यादा लोगों की जान महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल तथा दिल्ली में गयी है। इस दौरान कोविड-19 से महाराष्ट्र में जहां 70 लोगों की मृत्यु हुयी है। वहीं पश्चिम बंगाल में 47 तथा दिल्ली 33 मरीजों ने इसके कारण दम तोड़ा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ो के अनुसार संक्रमितों की संख्या 98.84 लाख से ज्यादा हो गयी है। वहीं 93.88 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले घटकर 3.52 लाख रह गये हैं जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,43,355 हो गयी है।



