श्रीनगर 14 दिसम्बर(वार्ता) केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सोमवार को संदिग्ध आतंकवादियों ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी(पीडीपी) नेता के निजी सुरक्षा अधिकारी(पीएसओ) को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने श्रीनगर के नातिपोरा इलाके में पीडीपी नेता हाजी परवेज अहमद के पीएसओ पर गाेलियां चलायी। हमले में घायल कांस्टेबल मंजूर अहमद को तत्काल शेरे-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से तीन किलोमीटर के दायरे में जांच चौकियों को सतर्क कर दिया है तथा वाहनों को जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है।



