मेरठ, 13 दिसंबर,(बु.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर लगभग 1.25 बजे मेरठ में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे। कुछ देर बाद नवनिर्मित केंद्रीय पुस्तकालय के भवन का उद्घाटन करेंगे। यहीं पर कई कृषि योजनाओं को शुरू करने के साथ ही कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। किसानों, छात्रों और शिक्षकों की जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में जाने का कार्यक्रम है। बता दें कि सीएम का हेलीकाप्टर मौसम खराब होने के कारण नहीं उतर पाया था। इस कारण सड़क मार्ग से आना पड़ा। वहीं सीएम के आने से पहले ही सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में किसानों और लोग पहुंच गए हैं। वहीं विवि में प्रवेश के दौरान ही लोगों की जांच के बाद ही अंदर आने दिया गया है। कोरोना काल के दौरान जारी गाइड लाइन का पालन करते हुए, दूर दूर बैठने की व्यवस्था की गई है। मास्क पहनना अनिवार्य है। सीएम योगी के आने से पूर्व ही क्षेत्र के सांसद और विधायक पहुंच गए हैं। इनमें से कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायकगण, सांसद और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा मोहित बेनीवाल, प्रदेश के राज्यमंत्री लखन सिंह तोमर, कपिल देव अग्रवाल मंच पर मौजूद हैं।



