हैदराबाद, 13 दिसंबर (वार्ता) तेलंगाना में हैदराबाद के गाचीबावली इलाके में रविवार तड़के भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि गाचीबावली इलाके में विप्रो चौराहे के पास लॉरी और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। सभी युवक 30 वर्ष से कम उम्र के थे। घायल युवक को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया गया। हादसे का कारण वाहनों का तेज रफ्तार होना बताया जा रहा है।



