कानपुर, 13 दिसंबर(बु.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। ऐसे में देश भर से श्रद्धालु मंदिर निर्माण में अपनी तरफ से दान देना चाहते हैं लेकिन ज्यादातर श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या तक आना मुश्किल है। हालांकि अब श्रद्धालुओं के लिए दान की राशि अयोध्या तक पहुंचाना मुश्किल नहीं रह गया है। इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक की तरफ से राह खुली है। आप देश में कहीं भी हों, आरटीजीएस, एनईएफटी के जरिए अाप पंजाब नेशनल बैंक को दान की राशि भेज सकते हैं। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक के देशभर में मौजूद खाताधारक अपने खातों से इस ट्रस्ट के खाते में धन ट्रांसफर कर सकते हैं। कानपुर से भी। पंजाब नेशनल बैंक ने देशभर में फैली अपनी सभी शाखाओं को 11 दिसंबर को पत्र भेजे हैं। इसमें बैंक की तरफ से साफ कहा गया है कि केंद्र सरकार ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट क्षेत्र का गठन किया है। इस ट्रस्ट ने पंजाब नेशनल बैंक को जनता की तरफ से आने वाले दान के लिए नेशनल बैंक ने अपने फंड कलेक्शन माॅड्यूल को कस्टमाइज्ड किया है। अब पंजाब नेशनल बैंक के देशभर में किसी भी शाखा के ग्राहक नकद जमा कर सकते हैं। इसके अलावा वे रुपये ट्रांसफर कर सकते हैं। उनके पास चेक, चालान, डिपाजिट स्लिप से भी दान देने के अवसर हैं। बैंक ने अपनी सभी शाखाओं को निर्देश दिए हैं कि सिस्टम से जेनरेट होने वाली ट्रांजैक्शन आइडी का नंबर दान देने वाले श्रद्धालु को दी जाने रसीद पर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। इसके साथ ही जो चालान है, उसके भी सभी काॅलम अनिवार्य रूप से भरने के निर्देश दिए गए हैं। इस दान पर आयकर की छूट भी मिलेगी।



