श्रीगंगानगर,08 दिसंबर (वार्ता)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के गांव कोनी में एक गुरुद्वारा के युवा पाठी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि यह पाठी जितेंद्रसिंह लबाना सिख (35) गत रात्रि घर में अकेला था।उसकी पत्नी और बच्चे चक 20-एमएल ननिहाल गए हुए थे। सुबह एक पड़ोसी ने जितेंद्रसिंह के शव को घर की गैलरी में फंदे पर लटकते देखा तो घर वालों को सूचना दी। मृतक के भाई रणधीर सिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। जांच कर रहे एएसआई शिवचंद ने बताया कि जितेंद्रसिंह पदमपुर तहसील क्षेत्र में चक 38-बीबी के एक गुरुद्वारा में पाठी था। उसने एक सप्ताह पहले यह गुरुद्वारा छोड़ दिया था। तब से वह कोनी में अपने घर में ही रह रहा था।घटनास्थल पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को चेक किया जा रहा है। मृतक के दो बच्चे हैं।



