नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी(आप) के आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के आवास में आने-जाने पर कोई बंदिश नहीं है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि ऐसा दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के आने-जाने पर प्रतिबंध है। यह एकदम बेबुनियाद है। शांति बनाए रखने और अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम है। दिल्ली पुलिस केवल शांति भंग की आशंका के मामले में हस्तक्षेप करेगी, किसी भी नेता या व्यक्ति को रोकने का प्रयास नहीं किया जाएगा। उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एंटो अल्फोंस ने भी श्री केजरीवाल को नजरबंद करने के आप के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आने-जाने या उनसे किसी के मिलने पर कोई रोक नहीं है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने आज आरोप लगाया कि सिंघु बाॅर्डर पर किसानों से मुलाकात कर भारत बंद का पूरी तरह से समर्थन करने के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने नजरबंद कर लिया है।



