बागपत 01 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बागपत के हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस की मौजूदगी में हरियाणा के किसानों ने यूपी के किसानों को जमकर पीटा है।

सीमा विवाद में एक दर्जन से ज्यादा हरियाणा के किसानों ने पुलिस की मौजूदगी में बागपत के किसानों को पीटा। हमले में चार किसान घायल हुए हैं जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल किसान का बडौत के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
स्थानीय किसानों का आरोप है कि किसानों ने उनकी पिटाई की और उल्टा हरियाणा की पुलिस बागपत के सात किसानों को उठाकर ले गई है । इस तरह से हरियाणा के किसान और पुलिस बागपत के किसानों का उत्पीड़न कर रही है। आरोप है कि बागपत प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। पिछले काफी समय से किसानों के साथ सीमा विवाद की समस्या बनी हुई है।




