कानपुर, 01 दिसम्बर (बु.)। कोरोना महामारी की वजह से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के विकास का पहिया थम गया है। मेडिकल कॉलेज की बेहतरी और चिकित्सकीय सुविधाएं बढ़ाने के लिए तीन बड़े प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा था, उन्हें वर्ष 2020 में पूरा होना था। कोरोना की वजह से उनका निर्माण कार्य बीच में बंद हो गया है। वहीं, केंद्र सरकार की मदद से आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग के लिए राष्ट्रीय संयंत्र का संस्थान बनया जाना है, जिसका निर्माण नहीं शुरू हो सका है।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स दिल्ली) स्तरीय चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए उच्चीकृत किया जा रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत 200 करोड़ रुपये से सात मंजिला मल्टी सुपरस्पेशियलिटी विंग बनना है, जो परिसर के जीटी रोड की तरफ निर्माणाधीन है। कार्य वर्ष 2020 में पूरा होना था, लेकिन कोरोना के कहर की वजह से निर्माण कार्य में लगे मजदूर अपने अपने घर चले गए थे, जिससे कार्य पूरी तरह ठप हो गया था। अनलॉक में छूट मिलने के बाद दोबारा कार्य शुरू हो सका है। अब निर्माण एजेंसी ने मई 2021 तक कार्य पूर्ण कर बिल्डिंग हैंडओवर करेंगी।




