वाराणसी, 30 नवम्बर (बु.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र और शिव की नगरी वाराणसी आज दीपको की रोशनी से नहाएगी। आज पीएम मोदी को वाराणसी दौरे पर आना है। पीएम मोदी गंगा के घाटों पर अलौकिक दृश्य के साक्षी बनेंगे। ये पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री काशी की देव दीपावली में शामिल होंगे।
वाराणसी में देव दीपावली के मौके पर गंगा के 84 घाटों पर लगभग 15 लाख दीपक जलाए जाएंगे। काशी तट लगभग 15 लाख दीपों से जगमगा उठेगा। खास बात यह है कि पहला दीपक खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से प्रज्ज्वलित होगा।

पीएम करेंगे वाराणसी -प्रयागराज हाईवे का उद्धघाटन
देव दिवाली के कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले प्रधानमंत्री मोदी छह लेन वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 19 को राष्ट्र के नाम समर्पित करेंगे। ये सड़क वाराणसी को प्रयागराज से जोड़ेगी। इस सड़क के निर्माण में 2447 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस सड़क के खुलने के बाद वाराणसी-प्रयागराज की दूरी तय करने में एक घंटा कम समय लगेगा।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का करेंगे दौरा।
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। 55 हजार स्क्वायर मीटर में बन रहे इस कॉरिडोर का भव्य स्वरूप अभी तैयार हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम अब राजस्थान और मिर्जापुर के गुलाबी पत्थरों से सजने भी लगा है। तराशे गए करीब 65 हजार क्यूबिक फीट गुलाबी पत्थरों की पहली खेप पहुंचने के बाद काम अब तेजी से चल रहा है।


