नई दिल्ली, 29 नवम्बर (बु.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के जरिए देश को संबोधित किया। यह मन की बात का 71वां संस्करण था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कोरोना की स्थिति से लेकर किसान कानून पर अपने विचार साझा किए। पीएम मोदी ने नए कानून को लेकर कहा कि यह किसानों को नए अधिकार दे रहा है। यह खेती को नए आयाम देगा। इससे किसानों की परेशानियां दूर होंगी। इस दौरान पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर भी अपने विचार सामने रखे। मन की बात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि संसद ने हाल ही में कठोर मंथन के बाद कृषि सुधार कानून पारित किया है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों ने न केवल किसानों की दिक्कतें कम हुई हैं बल्कि इस कानून ने उन्हें नए अधिकार और अवसर भी दिए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि माता अन्नपूर्णा का काशी से बहुत ही विशेष संबंध है। अब उनकी प्रतिमा का वापस आना हम सभी के लिए सुखद है। माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा की तरह ही हमारी विरासत की अनेक अनमोल धरोहरें, अंतरराष्ट्रीय गिरोहों का शिकार होती रही हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत की संस्कृति को लेकर कहा कि भारत की संस्कृति और शास्त्र, दोनों हमेशा से ही पूरी दुनिया के लिए आकर्षण के केंद्र रहे हैं। कई लोग तो इनकी खोज में भारत आए और हमेशा के लिए यहीं के होकर रह गए, तो कई लोग वापस अपने देश जाकर इस संस्कृति के संवाहक बन गए।


