19.2 C
Muzaffarnagar
Thursday, March 19, 2026

पटरी पर दौड़ने को तैयार दिल्ली मेट्रो, केंद्र से मंजूरी का इंतजार

नई दिल्ली, 15 मई (बु.)। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का कहना है कि दिल्ली मेट्रो रेलवे कॉर्पोरेशन मेट्रो चलाने के लिए पूरी तरह से तैयार है केवल केंद्र सरकार की अनुमति का इंतजार है। सभी स्टेशनों पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। मेट्रो और मेट्रो स्टेशन को सैनिटाइज कराया जाएगा। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री के अनुसार यात्रियों को टिकट के लिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए कहा जा सकता है। अगर स्टेशनों पर भीड़ होगी तो लोगों की स्टेशन में एंट्री रोक दी जाएगी। केवल मुख्य स्टेशनों को ही खोले जाने की इजाजत दी जाएगी, जिससे हम अपने कर्मचारियों को उन स्टेशनों पर नियुक्त कर सकें। एंट्रेंस गेट, लॉबी, कॉरिडोर, सीढ़ियों और एलिवेटर्स को सैनिटाइज किया जा रहा है।

डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने शुक्रवार को कहा कि डीएमआरसी केंद्र की ओर से जारी प्रोटोकॉल का पालन करेगी। मेट्रो में यात्रा का प्रोटोकॉल मीडिया और पब्लिक से शेयर किया जाएगा। फिलहाल ट्रेन के बाहरी और अंदरुनी हिस्सों की सफाई की जा रही है। अनुज दयाल ने कहा कि हैंड सैनेटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की भी व्यवस्था कराई जा रही है।

इससे पहले गुरुवार को डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने जानकारी दी थी कि हम अभी से तैयारी कर रहे हैं। मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही साथ स्टेशन पर मार्किंग भी की जा रही है। कब से मेट्रो सेवा शुरू होगी? यह अभी नहीं कह सकते। दिल्ली मेट्रो को फिर से खोलने पर अब तक कोई आदेश नहीं मिला है।

डीएमआरसी यात्रियों के लिए कुछ अनिवार्य शर्त रख सकती है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक दो यात्रियों के बीच एक सीट की दूरी रखनी होगी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा। प्लेटफॉर्म में सीमित यात्रियों को आने की इजाजत मिल सकती है। मेट्रो में सफर करने के लिए मास्क अनिवार्य किया जा सकता है। सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग को जरूरी किया जा सकता है। यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल करना यात्रियों के लिए अनिवार्य किया जा सकता है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles