चुनौतीपूर्ण समय में अपने समस्त दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने पर भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा मुजफ्फरनगर बुलेटिन संस्थान को किया गया सम्मानित

मुजफ्फरनगर, 8 मई (बु.)। मुजफ्फरनगर बुलेटिन द्वारा चुनौतीपूर्ण समय में अपने समस्त दायित्वों का निष्ठापूर्ण तरीके से निर्वहन किये जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान पार्टी द्वारा मुजफ्फरनगर बुलेटिन के सम्पादक उत्तम चन्द्र शर्मा एवं समाचार सम्पादक अंकुर दुआ को सम्मान पत्र भेंट करते हुए बुलेटिन के समस्त स्टाफ का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वयं बुलेटिन कार्यालय पधारे विजय शुक्ला ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री व प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री ने हमें निर्देशित किया है कि वैश्विक महामारी के इस चुनौतीपूर्ण समय में मीडिया ने अपनी अहम भूमिका निभाई है और अपने समस्त दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया है, जिसके लिए मीडिया की कड़ी से जुड़े समस्त लोग पत्रकार, छायाकार, कम्प्यूटर ऑपरेटर, सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों की प्रिंटिंग करने वाले सहयोगी वास्तव में धन्यवाद के पात्र हैं। प्रदेश में केन्द्र सरकार एवं देश की आम जनता समाज के चौथे स्तम्भ का सदैव आभारी रहेगी। जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने इस अवसर पर मुजफ्फरनगर बुलेटिन को सम्मान पत्र भेंट किया। इस दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के साथ महामंत्री रोहिल वाल्मीकि, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अचिंत मित्तल मौजूद रहे।


