नई दिल्ली, 5 मई (बु.)। कोरोना संकट के चलते घोषित लॉकडाउन के बीच देश में सभी तरह की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थी। रद्द की गई परीक्षाएं अब लॉकडाउन के बाद ही कराई जा सकेंगी। लॉकडाउन के चलते अब परीक्षा पहले की तरह कराकर रिजल्ट दे पाना अब मुमकिन नहीं है। इसलिए बोर्ड ने तय किया है कि बोर्ड अब कुछ ही विषयों पर परीक्षा कराएगा और बाकि में स्टूडेंट के पिछले रिकॉर्ड के आधार पर पास कर देगा। इस तरह बोर्ड ने 10वी और 12वी के 29 विषयों की लिस्ट तैयार कर ली है जिनकी परीक्षाएं होनी हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली स्थित स्कूलों को छोड़कर 10वीं की परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं की जाएगी। उत्तर पूर्वी दिल्ली के स्कूलों में कक्षा 10वीं की परीक्षाएं हिंदी कोर्स ए, हिंदी कोर्स बी, इंग्लिश कम्युनिकेशन, इंग्लिश लैंगवेज एंड लिट्रेचर, साइंस और सोशल साइंस विषयों के लिए आयोजित की जाएंगी।
सीबीएसई बोर्ड ने फैसला लिया है कि 10वीं के बचे हुए विषयों की परीक्षाएं आयोजित नहीं की जाएंगी और केवल पहले हो चुकी परीक्षाओं के नंबरों के आधार पर ही छात्रों का रिजल्ट जारी किया जाएगा। दिल्ली के उपमुख्यमत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के सामने कल ये सुझाव रखा था कि छात्रों को इंटर्नल मार्क्स के आधार पर ही प्रमोट कर दिया जाए।
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा शुरू होने से 10 दिन पहले सभी छात्रों को इसके संबंध में सूचना जारी कर देगा। परीक्षा की तिथि और दूसरी जानकारियां बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। लॉकडाउन की अवधि 17 मई तक बढा दी गई है इसलिए बोर्ड ने परीक्षा की नई तिथि की घोषणा अभी नहीं की है। एचआरडी मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बताया है कि हम 1-2 दिन में तय कर लेंगे कि परीक्षाएं कब होनी हैं।


