20.5 C
Muzaffarnagar
Thursday, March 19, 2026

आतंकी हमले में शहीद हुआ गाजीपुर का बेटा, गांववाले बोले- पाकिस्तान से बदला लो सरकार

लखनऊ, 5 मई (बु.)। जहां एक तरफ दुनिया के तमाम देश कोरोना संकट से जूझ रहे हैं वहीं कुछ देश कोरोना के साथ-साथ आतंकवाद से भी परेशान हैं। भारत में पिछले तीन दिनों में आतंकवादी हमले अचानक बढ़े हैं। आतंकी कोरोना का फायदा उठाकर भारत में घुसपैठ की कोशिश में लगे हैं। लेकिन सरहद पर तैनात हमारे सिपाही भी इन आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।

श्रीनगर में बीते 24 घंटे में आतंकी हमले बढ़े हैं। रविवार को हंदवाड़ा में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में कर्नल और मेजर समेत 5 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। वहीं सोमवार को कुपवाड़ा में सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकियों ने हमला किया। इस हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हुए। शहीद जवानों में यूपी के गाजीपुर के रहने वाले अश्वनी कुमार यादव भी थे।

जम्मू-कश्मीर के काजियाबाद इलाके में सोमवार की शाम आतंकियों ने पेट्रोलिंग कर रहे सीआरपीएफ जवानों पर हमला बोल दिया। इस आतंकी हमले में सीआरपीएफ जवान अश्वनी कुमार यादव समेत 3 जवान शहीद हो गए। बता दें कि अश्वनी कुमार यादव गाजीपुर के नोनहरा थाना इलाके के बभनौली गांव के निवासी थे। घटना की जानकारी कल शाम परिजनों को हुई तो परिवार समेत पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। शहीद अश्वनी की पत्नी और बेटी ने बताया कि वो बेटी को डॉक्टर बनना चाहते थे। बेटी ने भी कहा कि पापा डॉक्टर बनाना चाहते थे और ये भी बोल कर गए थे कि जब वापस आएंगे तो साइकिल खरीदेंगे। शहीद के एक बेटी और एक बेटे के साथ दो भाई भी हैं जो घर पर खेती के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव ने बताया कि अश्वनी के शहीद होने से हमारे क्षेत्र को बहुत ही नुकसान हुआ है और हम चाहेंगे कि सरकार पाकिस्तान से इसका बदला जरुर ले। जवानों की शहादत पर यूपी समते पूरे देश में गुस्सा व्याप्त है। आम लोग जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाम न लेते हुए पाकिस्तान को फटकार लगाई और कहा कि इस कोरोना संकट के बीच भी कुछ लोग हैं जो मानवता को शर्मसार करने में लगे हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles