20.5 C
Muzaffarnagar
Thursday, March 19, 2026

कोरोना महामारी के बीच दिल्लीवासियों पर अब वैट की मार

नई दिल्ली, 5 मई (बु.)। कोरोना महामारी के कारण अर्थव्यवस्था पर लगातार पड़ रहे असर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। कोरोना की मार झेल रहे दिल्ली वासियों पर अब वैट की मार पड़ी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने पैट्रोल डीज़ल पर वैट बढ़ाने का फैसला लिया है।

राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर ही वैट बढ़ाने का ऐलान किया। मंगलवार से दिल्ली में अब पेट्रोल 1.67 रुपये और डीजल 7.10 रुपये महंगा हो गया है। पेट्रोल पर वैट को बढ़ाकर 27 फीसदी से 30 फीसदी कर दिया गया है, जबकि डीजल पर 16.77 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर दिया गया है।

इस फैसले के बाद दिल्ली के वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर लिखा कि मुश्किल वक्त में कड़े फैसले लेने पड़ते हैं, वित्त मंत्री रहते हुए मैंने यही सीखा है, जिंदगी हमेशा ही शानदार नहीं होती।

बीते दिन ही दिल्ली सरकार ने शराब के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी करते हुए 70 फीसदी सेस लगा दिया जिससे शराब की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया। लॉकडाउन में कुछ ढील मिलने के बाद सोमवार को शराब की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली, इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ी, लेकिन अगले ही दिन सरकार ने शराब के दाम बढ़ाने का फैसला लिया, हालांकि मंगलवार को भी सुबह से ही शराब की दुकानों पर लंबी कतारें देखने को मिली हैं।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस संकट के चलते जारी लॉकडाउन में राज्य सरकारों को भारी नुकसान हो रहा है। बीते दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा था कि सरकार का अप्रैल का रेवेन्यू 3500 करोड़ रुपये से घटकर 300 करोड़ रुपये ही रह गया है। साफ है कि सरकार की कमाई पर पड़े असर का दंड अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

 

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles