अब कोरोना महामारी में डाक
विभाग बना संकट मोचक
मुज़फ्फरनगर, 16 अप्रैल (बु.)। कोरोना वायरस जैसी महामारी के फैलाव को रोकने के लिए जनपद में चल रहे लॉक डाउन पार्ट-2 में लोगों को कैश की समस्या होने लगी है। ऐसे में सरकार ने शहरी-ग्रामीण इलाकों के बैंक खाताधारकों को कैश लेनदेन की समस्या न हो, इसको ध्यान में रखकर व्यवस्था में जुटी है। इसी कड़ी में व्यवस्था की गई है कि यदि किसी भी बैंक के खाताधारक, जिनका आधार कार्ड नंबर बैंक खाते से लिंक हो, ऐसे तमाम ग्राहक करीबी डाकघर के पोस्टमैन से संपर्क करके कैश निकाल सकते हैं। उन्हें अब धन निकालने के लिए बैंक के चक्कर नहीं लगानेे पड़ेगे।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने नोवेल कोरोना वायरस की आपदा के दृष्टिगत लोगों की मदद के लिए डाक विभाग कार्मिकों द्वारा शुरू माइक्रो एटीएम शुरू किए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि लॉकडाउन के बीच बैंकों में लंबी कतारें लगाए खड़े लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि डाकघर में पोस्टमैन को माइक्रो एटीएम व बॉयोमैट्रिक मशीन उपलब्ध कराई गई है, जो जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जरूरत के हिसाब से खाता धारकों का कैश निकासी में मदद कर रहे है। उनका कहना है कि ऐसा व्यक्ति जिसका किसी भी बैंक में अपना बैंक एकाउंट हो और आधार कार्ड से लिंक हो, वह बैंक गए बगैर ही पोस्टमैन से संपर्क कर माइक्रो एटीएम से कैश निकासी भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए उसे पोस्टमैन को आधार नंबर बताना होगा और बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाना होगा। हालांकि बायोमैट्रिक पर अंगूठा लगाने से पहले लोगों को अपने हाथ सैनिटाइज करने होंगे, जिसकी व्यवस्था में पोस्टमैनों को सैनिटाइज व मॉस्क उपलब्ध कराया गया है। पोस्टमास्टर का कहना है कि माइक्रो एटीएम से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के ग्राहक एक दिन में 25 हजार रुपये तक निकासी कर सकते है, जबकि अन्य बैंकों के ग्राहक 1 दिन में सिर्फ10 हजार रुपये ही निकासी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन पार्ट-2 में भी बैंकों में कैश निकालने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही है। ऐसे में जिले के दूरस्थ इलाकों के लोगों को माइक्रो एटीएम से भी कैश निकालने में सहुलियत होगी। कैश निकालने के लिए लोग अपने नजदीकी पोस्टमैन से संपर्क कर सकते हैं। जनपद में लॉकडाउन को दृष्टिगत रखते हुए बैंक में लगने वाली अनावश्यक भीड़ से बचने, लाभार्थी को सोशल डिस्टेंस के तहत बैंक सुविधा उसके ग्राम में ही दिए जाने के लिए विभाग के डाकिए माइक्रो एटीएम से अब गांव-गांव में घर-घर जाकर भुगतान करेंगे। प्रवर अधीक्षक डाकघर वीर सिंह ने बताया कि पोस्ट ऑफिस विभाग के पास माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर डाकघर विभाग के कार्मिक लाभार्थी के गांव-गांव, घर-घर जाकर माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसी भी बैंक की धनराशि का आहरण कर लाभार्थी को उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि डीएम सेल्वा कुमारी जे के आदेश पर डाकियों के साथ खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम सचिव नोबेल कोरोना आपदा के दृष्टिगत नागरिकों को एईपीएस के द्वारा डोर स्टेप के तहत इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से घर-घर जाकर लाभार्थी को धनराशि का आहरण कराएंगे। उन्होंने बताया कि समस्त शाखा डाकपाल, ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिवों से संपर्क कर लॉकडाउन की व्यवस्था के बीच जि मेदारी के साथ कार्य करेंगे।


