नई दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता)। देश के लॉकडाउन होने के बावजूद कोरोना संक्रमण के मामले कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12759 तक पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने गुरुवार को जारी आंकड़ों में कहा कि देश में कोविड-19 संक्रमण के चलते 420 मौतें हुई हैं और वर्तमान में कुल 10,824 व्यक्ति महामारी से संक्रमित हैं। अब तक कुल 1515 (1 माइग्रेटेड) मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 826 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 28 लोगों को इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है।
कोरोना से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र राज्य प्रभावित हुआ है। मंत्रालय के मुताबिक, “महाराष्ट्र में सबसे अधिक 187 मौतें हुई हैं, जबकि मध्यप्रदेश में 53 लोगों को इस वायरस ने अपनी चपेट में लिया है। वहीं, गुजरात में संक्रमण के चलते 36 और पंजाब व दिल्ली में क्रमशः 13 और 32 लोगों की जान गई है।” देश के 27 राज्य और सभी केंद्र शासित प्रदेशों में से कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक मामले 2919 महाराष्ट्र से ही आए हैं। इसके बाद 1578 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे, जबकि 1242 मामलों के साथ तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है।
इससे पहले बुधवार को देश में संक्रमण के 1,000 से ज्यादा मामले सामने आए थे। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लॉकडाउन का दूसरा चरण देश में लागू है। 40 दिनों के लॉकडाउन की अवधि तीन मई को खत्म होगी। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशव्यापी लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर तीन मई तक करने की घोषणा की थी। वहीं दुनियाभर में कोरोना की बात करें तो इसके पॉजिटिव केसों की संख्या 20 लाख से अधिक हो गई है। कोविड-19 महामारी से अमेरिका में आज 2600 रिकॉर्ड मौतें दर्ज की गईं। अब तक इस देश में 28 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।


