मुजफ्फरनगर, 12 सितंबर (बु)। नगर में चल रहे तीन दिन से पालिका ईओ डॉक्टर प्रज्ञा सिंह और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने शानदार काम किया है। पहले और दूसरे दिन चेतावनी के बाद तीसरे ओर चौथे दिन चलानी कार्रवाई कर अवैध अतिक्रमण व अवैध वाहनों की पार्किंग करने वालों को नियमानुसार चलना सिखा दिया है। यह कार्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए सराहनीय बताया जा रहा है। तीन दिनों तक चली इस संयुक्त कार्रवाई से शहर में अवैध अतिक्रमण और गलत पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम हुई है।

इस अभियान के पहले दो दिनों में, अधिकारियों ने उन दुकानदारों और वाहन चालकों सहित सड़क किनारे खड़े रहने वाले रेहड़ी वालों को चेतावनी दी थी, जो अपनी दुकानों व रेहड़ी वालों को आगे या सड़कों पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रहे थे। इस चेतावनी का मकसद लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना था। इसके बाद तीसरे और चौथे दिन सख्ती बरतते हुए, ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह और सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने चालान काटने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान, गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों और अवैध अतिक्रमणों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
इस कार्रवाई का सीधा असर देखने को मिला, जिससे शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात सुगम हुआ और लोगों को चलने-फिरने में आसानी हुई। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ टीएसआई और पालिका ने संयुक्त अभियान चलाया।
इस दौरान, टीएसआई ने 145 नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान काटे, जिसमें प्रत्येक वाहन के 500 रुपए यानि 72,500 रुपये के चालान काटे गए, वहीं पालिका ने 3 दुकानों से करीब 6 हजार रुपये का जुर्माना किया और 4 हजार की वसूली की, जबकि एक दुकानदार की वसूली नहीं होने के चलते उसकी रेहड़ी को कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की गई।
इस दौरान कई दुकानदारों को अतिक्रमण होने की दशा में फिर एक बार समझाया गया और एक बार फिर चेतावनी देकर मौका दिया गया कि वो अपना छोटा-बड़ा जैसा भी अतिक्रमण है, उसको हटा ले। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इस तरह की नियमित कार्रवाई से ही शहर में व्यवस्था बनी रह सकती है। डॉ. प्रज्ञा सिंह और राकेश कुमार की टीम ने यह साबित कर दिया है कि अगर अधिकारी दृढ़ता से काम करें, तो शहर की समस्याओं का समाधान संभव है।


