नई दिल्ली, 06 अप्रैल (वार्ता)। दिल्ली पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में निरंतर सख्ती करते हुए अब भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत 4334 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जबकि होम क्वारंटीन तोड़ने वालों के खिलाफ 247 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी मनदीप सिंह रंधावा ने आज यहां बताया कि पूरी दिल्ली में धारा 144 को सख्ती से लागू करवाने के लिए निरंतर सख्ती बरती जा रही है। इसमें दिल्ली वासियों से अच्छा सहयोग मिल रहा है लेकिन कुछ लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
श्री रंधावा ने कहा कि लॉकडाउन के नियम तोड़ने की वजह से दिल्ली पुलिस की एक्ट 65 के तहत 80 हजार लोगों को अब तक हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि 4334 लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामले दर्ज किये गए हैं। इसके साथ ही लगभग 247 प्राथमिकी होम क्वारंटीन तोड़ने वालों के खिलाफ की गई है।
उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने आज 3728 लोगों को हिरासत में लेकर 376 वाहनों को जब्त किया और 191 प्राथमिकी दर्ज की गयी। इसके साथ ही जरूरी सामानों के आवागमन के लिए 773 पास जारी किए गए हैं।