दिल्ली, 14 अप्रैल (बु.)। राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कुट्टू का आटा खाने से कई लोग बीमार हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दिल्ली के जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली स्थित खिचड़ीपुर, त्रिलोकपुरी व कल्याणपुरी इलाके में लोग कुट्टू का आटा खाकर बीमार हो गए। अधिकतर लोगों ने पेट में दर्द की शिकायत की है। मंगलवार रात से ही ऐसे मरीज लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंच रहे हैं, जो कुट्टू के आटे से बना खाना खाने से बीमार हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की टीमें पता लगाने की कोशिश कर रही है ऐसा कैसे हुआ पूर्वी दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश मनसुखानी के मुताबिक, मंगलवार रात से अब तक 490 मरीज आ चुके हैं जिन्हें कुट्टू का आटे की वजह से उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। इनमें दो मरीजों को ग्लूकोज़ चढ़ाया गया। बाकी को दवा देकर घर भेज दिया गया। अब तक किसी को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है।उधर, ग़ाज़ियाबाद के मोदीनगर के सीकरी खुर्द व उसके आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले कई लोगों की कुट्टू खाने से तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि फाटक के पास स्थित दुकान से सभी ने कुट्टू का आटा खरीदा था। तबीयत बिगड़ने के बाद 5 लोगों को अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि दुकानदार रिंकू ने 1 साल पुराना कुट्टू का आटा उनको बेच दिया था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।


