गाजियाबाद, 13 अप्रैल (बु.)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मंगलवार को गाजियाबाद में कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान उनके एक-दो समर्थकों ने उनकी फोटो भी खींची। जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के कौशाम्बी स्थित यशोदा अस्पताल में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कोरोनारोधी टीका लगवाया।बता दें कि पिछले महीने गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत ने कहा था कि कोरोना की वैक्सीन दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों और जेल के कैदियों को भी लगनी चाहिए। किसान नेता राकेश टिकैत ने मांग करते हुए यह भी कहा था कि आंदोलन स्थल पर किसानों का टीकाकरण किया जाए। साथ ही राकेश टिकैट ने खुद भी कोरोना टीका लगवाने की इच्छा जाहिर की थी। ऐसे में मंगलवार को उन्होंने स्वेच्छा से गाजियाबाद के कौशाम्बी स्थित यशोदा अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाया। यहां पर बता दें कि तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की चारों सीमाओं (शाहजहांपुर, टीकरी, सिंघु और गाजीपुर) पर यूपी, पंजाब और हरियाणा के किसानों का प्रदर्शन जारी है। पिछले महीने पत्रकारों से बातचीत में आंदोलन स्थल पर कोरोना के खतरे के सवाल पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं तो उनकी गाइडलाइंस को फॉलो किया जाए।


