दिल्ली, 4 अप्रैल (बु.)। इंडियन प्रीमियर लीग की शुरुआत होने में अब हफते से भी कम समय रह गया है। टीम से जुड़ रहे खिलाड़ियों को क्वारंटाइन कर उनका कोविड टेस्ट कराया जा रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए एक बुरी खबर है। टीम के ओपनर देवदत्त पडिक्कल कोटोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल भी कोविड टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। 9 अप्रैल से इस बार आइपीएल के नए सीजन की शुरुआत होने जा रही है। टूर्नामें के पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आमने सामने होगी। पहले मुकाबले में उतरने से पहले विराट कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी के लिए बुरी खबर आई। टॉप फॉर्म में चल रहे ओपनर देवदत्त पडिक्कल कोरोना संक्रमित पाए गए। इस सीजन में विराट कोहली के साथ वह पारी की शुरुआत करने वाले हैं। ऐसे में उनका कोरोना संक्रमित होना टीम के लिए चिंताजनक खबर है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को लंबे समय से अपने पहले खिताब का इंतजार है। इस सीजन में भी वह एक बड़े दावेदार के तौर पर खेलने उतरेगी। देवदत्त को कोरोना पॉजिटिव आने की खबर को लेकर अब तक टीम की तरफ से कुछ नहीं बताया गया है। वैसे रिपोर्ट की माने तो उनका शुरुआती मुकाबलों मे खेलना मुश्किल लग रहा है।


