अयोध्या, 23 मार्च (बु.)। राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से खुदाई का कार्य शुरू किया गया और 10 मार्च तक पूरा कर लिया गया और अब सीता रसोई, मानस भवन सहित अन्य मंदिरों के पास भी खुदाई कर मलबे को हटाया जा रहा है। इस खुदाई के दौरान ऐतिहासिक व प्राचीन अवशेष मिले हैं। जिनमें एक चरण पादुका, प्राचीन धार्मिक खंडित मूर्ति, मंदिर के अवशेष स्तंभ, सीता रसोई से संबंधित सिलबट्टा, आटा रोटी बनाने वाला बेलन, चकिया इत्यादि प्राप्त हुई है। जिन्हे राम मंदिर ट्रस्ट के द्वारा सुरक्षित रखा गया है। ट्रस्ट के अनुसार प्राप्त अवशेषों की जांच कराई जाएगी और मंदिर निर्माण के बाद इन्हे संग्रहालय में सुरक्षित रखा जाएगा। जिसे देश विदेश के लोग भी देख सकेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय अयोध्या के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि खुदाई के दौरान लगभग 20 फुट के अंतराल में कई प्राचीन अवशेष मिले हैं जिसमें कुछ खंडित मूर्तियां भी मिली है प्राचीन मंदिर से संबंधित पत्थर के अवशेष प्राप्त हुए सीता रसोई से खुदाई के दौरान रसोई से संबंधित सिलबट्टा भी प्राप्त हुआ है चौका बेलन भी प्राप्त हुआ है इसके अलावा मानस भवन की खुदाई के दौरान अति प्राचीन भगवान श्री राम के सफेद संगमरमर का बना चरण पादुका भी प्राप्त हुआ है। जिन्हे ट्रस्ट के द्वारा सुरक्षित रखा गया है। 20 फुट खुदाई के बाद परिसर में ठोस और अच्छी मिट्टी प्राप्त हुई है लगभग 40 फुट गहरी खुदाई के बाद अब समतलीकरण निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है।


