33.7 C
Muzaffarnagar
Saturday, March 14, 2026

दिल्लीः तिहाड़ जेल में कैदियों को टीका लगाने का काम शुरू

दिल्ली, 22 मार्च (बु.)। तिहाड़ में बंद कैदियों को टीका लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 60 वर्ष से ऊपर और 40 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमारी से पीड़ित कैदियों को टीका लगाया जा रहा है। इन कैदियों की सूची जेल प्रशासन ने पहले ही तैयार कर ली थी। अभी तक 25 कैदियों को टीका लगाया जा चुका है। जल्द ही जेल परिसर में ही टीका केंद्र खोल दिया जाएगा, जिससे टीकाकरण में आसानी होगी।जेल अधिकारियों ने बताया कि तिहाड़ जेल अभी कोरोना से मुक्त है। ऐसे में अब टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा कैदियों को टीकाकरण का लाभ मिले इस दिशा में प्रयास हो रहे हैं। इसके साथ ही जेल में टीका को लेकर अगर किसी कैदी में संशय है तो उसे भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तिहाड़ जेल में कोरोना संक्रमण का आखिरी मामला 14 जनवरी को आया था। उसके बाद से कोई भी कैदी संक्रमित नहीं हुआ है।जेल में एहतियात बरते जा रहे हैं। समय-समय पर जेल को सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं, कैदी को मास्क पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ज्ञात हो कि दिल्ली के जेलों में पहला मामला रोहिणी जेल में पिछले वर्ष 13 मई को आया था। अभी तक जेल में 260 जेल कर्मचारी व कैदी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से 258 पूरी तरह स्वस्थ हैं। वहीं, मंडोली जेल में दो कैदियों की मौत हो गई थी। एक कैदी की मौत पिछले वर्ष 15 जून वहीं दूसरे कैदी की मौत 4 जुलाई को हुई थी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles