शामली, 21 मार्च (बु.)। शामली में शनिवार रात शादी की खुशियां मातम में बदल गई। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिलावर में देर रात घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान गोली लगने से युवक की मौत हो गई। एक युवक को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।गांव निवासी सागर की शनिवार देर रात घुड़चढ़ी हो रही थी। शादी में गांव निवासी सोनू किराए पर घोड़ी लेकर गया था। घुड़चढ़ी में गांव निवासी कई युवक शराब के नशे में थे। एक युवक तमंचे से हर्ष फायरिंग कर रहा था, इसी दौरान गोली घोड़ी स्वामी सोनू को जा लगी। उसे तुरंत शामली प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता मलखान ने आरोपित गुल्लू को नामजद करते हुए उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।


