लखनऊ, 19 मार्च (बु.)। महाराष्ट्र सहित पांच अन्य राज्यों के वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रसार का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखने लगा है। बीते चार दिन से लगातार बढ़ते नए संक्रमितों के कारण उत्तर प्रदेश सरकार हाई अलर्ट पर है।लखनऊ में बीते तीन दिन से वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रसार की संख्या पर जिलाधिकारी भी बेहद संजीदा हैं। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने लखनऊ में मास्क के साथ ही फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य कर दिया है। इसका उन्होंने बाकायदा आदेश भी जारी किया है। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने यह आदेश जारी किया है।उनके आदेश के अनुसार अब लखनऊ में मास्क का प्रयोग अनिवार्य हो गया है। घर से बाहर निकलने वाले हर व्यक्ति को अब मास्क का प्रयोग करना अनिवार्य हो गया है। डीएम ने इसके साथ ही हर जगह पर फिजिकल डिस्टेंसिंग को भी अनिवार्य कर दिया है। उनका निर्देश है कि हर स्थान पर फिजिल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य हो। किसी भी प्रतिष्ठान में बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। डीएम का निर्देश है कि किसी भी दशा में मास्क तथा फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियम का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी। डीएम का यह निर्देश सभी पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के पास भी पहुंचा है और उन सभी से सख्ती ने इसका पालन कराने को कहा गया है। अभी स्कूलों को लेकर कोई योजना नहीं तैयार की गई है।


