हरियाणा, 09 मार्च (बु.)। हिसार के उकलाना के कल्लर भैणी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह इस गांव में एक बुजुर्ग दंपती के शव संदिग्ध परिस्थतियों में खेतों में एक पेड़ के सहारे रस्सी से लटके मिले। ग्रामीणाें ने शव देखकर इसकी सूचना दंपती के स्वजनों को दी। जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान सूचना मिलने पर उकलाना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।उकलाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहताश ने बताया कि गांव कल्लर भैणी निवासी करीब 60 वर्षीय रमेश और उसकी पत्नी संतोष का शव संदिग्ध परिस्थतियों में उनके ही खेतों में एक पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला है। दंपती ने आत्महत्या की है या मौत का कोई और कारण है फिलहाल यह बात स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की वास्तविकता जानने के लिए स्वजनों के बयान लेकर संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।


