मेरठ, 05 मार्च (बु.)। कुछ नया करने के लिए नई सोच जरूरी है। नई सोच के लिए नया नजरिया बेहद जरूरी है। नए नजरिए के साथ जब आप कुछ नया बिना किसी दूसरे को देखे बनाने की कोशिश करते हैं तो उसकी हर छोटी-बड़ी कमियों व खामियों से होकर गुजरते हुए अंत परिणाम बेहद खूबसूरत, सबसे अलग और महत्वपूर्ण बनकर सामने आता है। ऐसे हीआइडियाज पर काम करते हुए मेरठ के आदित्य कपूर लोगों के घरों, कालोनियों को सुंदर बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। सेंट मेरीज एकेडमी से स्कूली शिक्षा और इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग आइआइएमटी इंजीनियरिंग कालेज से की। छोटी उम्र से ही चीजों को खुद से बनाने की ललक के साथ आदित्य ने अपने इंजीनियरिंग के प्रोजेक्ट भी खुद ही बनाए। अच्छा-खराब बनाते हुए आदित्य वर्तमान में अपनी बेहतरीन लाइट डिजाइनिंग और काष्ठ शिल्प का कुछ ऐसा समन्वय स्थापित किया है उनकी कला को ईरान तक सराहना मिल चुकी है।साल 2012 में इंजीनियरिंग करने के बाद आदित्य ने गुणगांव में नौकरी भी की। नौकरी में करीब तीन साल काम करने के बाद छोड़ दिया और सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ ही साल 2015 में आटोमेशन का कोर्स किया। वहीं आदित्य की मुलाकात कुछ दोस्तों से हुई जो एंट्रेप्रेन्योर बनने के विजन के साथ आगे बढ़ रहे थे। यहां आदित्य को समझ में आया कि किस तरह खरबूजा खरबूजे को देखकर रंग बदलता है। फिर क्या था, आदित्य ने भी अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया और कुछ अपना बिजनेस करने की बात मन में उबाल मारने लगी। यहीं से उन्होंने अपना एक अलग ब्रांड बनाने का मन बना लिया।


