मेरठ, 28 फरवरी (बु.)। तीनों कृषि कानून के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार सुबह 11 बजे मेरठ में दिल्ली बाईपास स्थित संस्कृति रिसोर्ट में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। शनिवार रात तक इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि किसानों की लड़ाई को आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी। अरविंद केजरीवाल की किसान महापंचायत में करीब आठ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। लगभग 3600 वर्ग फीट के मंच से केजरीवाल किसान पंचायत को संबोधित करेंगे। कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए दो-दो फीट की दूरी पर कुर्सयिां लगाई गई हैं। महापंचायत की तैयारियों को लेकर सभाजीत सिंह ने शनिवार को पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि महापंचायत में मेरठ समेत कई मंडलों से किसान नेता, खापों के जिम्मेदार तथा किसान शामिल होंगे। तीनों कृषि कानून किसानों के लिए फांसी का फंदा हैं।पार्टी इन कानूनों को वापस कराकर ही दम लेगी। इस दौरान प्रदेश के सह-प्रभारी नदीम जायसी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरबजीत मक्कड़, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, महिला प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश प्रवक्ता पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव मीनाक्षी श्रीवास्तव, यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी के अलावा मेरठ जिला महासचिव अभिषेक द्विवेदी, सुशील पटेल आदि मौजूद थे।


