30.4 C
Muzaffarnagar
Tuesday, April 22, 2025

सीतापुर में बारिश के दौरान दीवार ढहने से 7 लोगों की मौत

लगातार हो रही बारिश के बीच अब दीवारें दरकनी शुरू हो गईं हैं। बुधवार की सुबह जिले में अलग-अलग स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाओं में सात लोगों की जान चली गई। मानपुर में तो एक ही परिवार के चार सदस्यों ने दम तोड़ा। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

ब्लाक कसमंडा की ग्राम पंचायत कल्यानपुर के मजरा लक्षिमनपुर निवासी हरीश के कच्चे घर की दीवार रात करीब 2:45 बजे गिर गई। दीवार गिरने से कच्चे कमरे की छत भी बैठ गई। दीवार के समीप सो रहीं हरीश की मां लल्ली, उनके दो बेटे आठ वर्षीय शैलेन्द्र व 12 वर्षीय शिवा और उनकी बहन की लड़की महक दीवार के मलबे में दब गई। दीवार के नीचे दबने से सभी की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल भी हुए। घायल सुमन (25) व शिवानी (10) को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले की सूचना पाकर तहसीलदार सिधौली आरपी सिंह के अलावा मानपुर व खैराबाद की पुलिस भी मौके पर पहुंची है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। आसपास गांवों के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। लक्षिमनपुर में हुई घटना के संबंध में एसडीएम सिधौली संतोष राय ने बताया कि, मामला दैवीय आपदा का है। पूरी टीम मौके पर है।

डीएम विशाल भारद्वाज के मुताबिक जिले में तीन स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाएं हुईं हैं। इनमें 7 लोगों की मौत हुई है जबकि 3 घायल हुए हैं। एक घायल को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दो का इलाज चल रहा है। डीएम के मुताबिक मृतकों के परिवार जन और घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles