जौनपुर , 06 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत 30 साल पुरानी सभी पाइप लाइनों को बदला जा रहा है। जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय गुप्त ने मंगलवार को कहा कि पाइप लाइन बदलने का यह कार्य स्टेट वाटर एण्ड सैनिटेशन योजना से किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद के नए वार्डों में भी नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी , इसके लिए कार्यदाई संस्था जल निगम की तरफ से बजट का इंतजार हो रहा है । उन्होंने कहा कि जिले में शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण हर जगह शुद्ध पेयजल के लिए ट्यूबवेल के जरिए पाइप लाइन से घरों में पानी पहुंचाने की कवायद हो रही है। जल जीवन मिशन के तहत बक्शा व करंजाकला ब्लाक में पाइप लाइन बदलने का कार्य कराया जा रहा है। इसकी मानीटिरंग सीडीओ स्वयं कर रहे हैं। इसके अलावा नगर पालिका परिषद जौनपुर क्षेत्र में अधिकतर 50 साल पुरानी पाइप लाइनें हैं। इन दूषित पाइप लाइन से घरों में पहुंचने वाले दूषित पानी के कारण लोग संक्रामक बीमारियों व पेट के रोगों की चपेट में आ रहे हैं। जल निगम ने पेयजलापूर्ति की जांच कराई तो पता चला कि ऐसी ज्यादातर शिकायतें उन क्षेत्रों से संबंधित है, जहां पाइप से आधारित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। साथ ही कई स्थानों पर लीकेज होने से पेयजल प्रदूषित हो रहा है। इन सभी को बदला जाएगा। इसके अलावा नगर पालिका के आठ नए वार्डों में पाइप लाइन बिछाने व ट्यूबवेल लगाने का कार्य भी किया जाएगा।


