गाजियाबाद, 15 अप्रैल (बु.)। गाजियाबाद सहित 19 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को शुरू हो गया है। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता मतदान कर रहे हैं। जिले में दोपहर तीन बजे तक 53.39 फीसद मतदाताओं ने मतदान किया है। मुरादनगर में सबसे ज्यादा 60.15 फीसद मतदाताओं ने मतदान किया है। 38 डिग्री तापमान में भी मतदाताओं में अपने मनपसंद नेता को चुनने का उत्साह नजर आया। तापमान में गिरावट के साथ ही अब बूथों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी है। शाम छह बजे तक मतदाता मतदान करने के लिए मतदेय स्थल पर पहुंच सकते हैं।मतदान करने के लिए युवा ही नहीं बुजुर्ग और दिव्यांगजन भी मतदान केंद्र पर पहुंच रहे हैं। मतदाताओं को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। मतदन केंद्र पर सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई है, जिससे की मतदान से पहले मतदाता अपने हाथों को सैनिटाइज कर सकें। खुद जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और एसएसपी अमित पाठक ने मसूरी में मतदान केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी की।चुनाव में आज पांच लाख से अधिक मतदाता 3, 302 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए जिले में मतदान करेंगे। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र रूप से चुनाव कराने के जिले को 22 जोन और 78 सेक्टर में बांटा गया है। 910 प्रत्याशियों ने पहले ही मार ली बाजी: चुनाव में 110 प्रत्याशियों ने पहले ही बाजी मार ली है। जिले में 22 क्षेत्र पंचायत चुनाव और 888 ग्राम पंचायत सदस्यों को निर्विरोध चुना जा चुका है। इन सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए एक-एक प्रत्याशी ही मैदान में उतरे थे।


