लखनऊ, 16 अप्रैल (बु.)। कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर ने देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी हाहाकार मचा दिया है। महाराष्ट्र के बाद देश में सर्वाधिक एक्टिव केस वाले प्रदेश में इस महामारी ने किसी को भी नहीं छोड़ा है। उत्तर प्रदेश में हजार से अधिक डॉक्टर्स भी इसकी चपेट में हैं जबकि शुक्रवार को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में एक जूनियर रेजिडेंट ने दम तोड़ दिया। भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक भी पॉजिटिव हैं। अप्रैल में आठ गुना की रफ्तार से बढ़ रहे संक्रमण ने किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडंट की जान ले ली है। डॉक्टर अपने काम के दौरान संक्रमित हो गए। जूनियर डॉक्टर यहां पर हाईरिस्क एरिया में ड्यूटी कर रहे थे। अचानक तबियत बिगडऩे के बाद उनको एडमिट किया गया। कोविड पॉजिटिव होने के बाद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को इलाज के दौरान जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर की मौत हो गई। लखनऊ में पूर्व मंत्री भगवती सिंह के पुत्र राकेश कुमार सिंह का भी निधन हो गया। पूर्व मंत्री भगवती सिंह के निधन के 12वें दिन उनके पुत्र राकेश कुमार सिंह का भी निधन हो गया। राकेश 67 वर्ष के थे और कोरोना वायरस से पीडि़त थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनके छोटे भाई हृदेश कुमार सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और ऑक्सीजन चल रहा है। लखनऊ में भाजपा नगर कार्यसमिति सदस्य तथा निशातगंज वार्ड के पूर्व पार्षद नरेंद्र सोनकर का भी कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। उधर झांसी में भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले एक पत्रकार की आज मौत हो गई। इसका संक्रमण दिन पर दिन विकराल होता जा रहा है।लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी से विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। पाठक ने कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर कल जांच कराई थी। आज रिपोर्ट मिलने के बाद विजय बहादुर पाठक घर में आइसोलेट हुए हैं। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से जांच कराने की अपील भी की है। लखनऊ उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले में शीर्ष पर है। यहां पर तीन बड़े बाजार तीन दिन के लिए बंद है जबकि शुक्रवार को सदर गुरुद्वारे में पांच संक्रमित मिलने के बाद गुरुद्वारा को 20 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है


