गोरखपुर, 4 अप्रैल (बु.)। गीता प्रेस की मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के संपादक और गीता प्रेस ट्रस्ट के अध्यक्ष राधेश्याम खेमका का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने अपनी अंतिम सांस वाराणसी के केदारघाट पर ली। शनिवार को ही देर शाम आठ बजे काशी में गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। 86 वर्षीय राधेश्याम बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।राधेश्याम खेमका अपने पीछे पुत्र राजाराम खेमका, पुत्री राज राजेश्वरी, भतीजों गोपाल खेमका, कृष्ण कुमार खेमका व गणेश कुमार खेमका समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से गीता प्रेस समेत धर्म-कर्म से जुड़े क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। निधन की सूचना मिलने के बाद गीता प्रेस में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रेस के कर्मचारियों ने उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इस अवसर पर ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल, माधव प्रसाद जालान, उत्पाद प्रबंधक डा. लालमणि तिवारी आदि मौजूद रहे।


