हरियाणा, 20 मार्च (बु.)। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बाइक सवार पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए, जिससे पत्नी की मौत हो गई जबकि पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये जालंधर के सतनाम नगर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि करीब 45 वर्षीय रमेश कुमार करीब 40 वर्षीय अपनी पत्नी बिमला के साथ बाइक पर सवार होकर आगरा से जालंधर जा रहे थे। सुबह ये करनाल पहुंचे तो सेक्टर 14 फ्लाइओवर पर हादसे का शिकार हो गए। दोनों गंभीर अवस्था में बाइक से कुछ दूरी पर पड़े थे, जिन्हें देख राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। तत्काल ही दुर्गा शक्ति की गाड़ी मौके पर पहुंची और उन्हें कल्पना चावला राजकीय अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां करीब एक घंटे बाद बिमला की मौत हो गई जबकि रमेश की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।हादसा कैसे हुआ यह अभी पता नहीं चल पाया है। दोनों को गंभीर चोटें लगी थी जबकि बाइक सुरक्षित बच गई। सूचना मिलते ही सेक्टर 13 पुलिस चौकी से जांच अधिकारी राजबीर मौके पर पहुंचे और घायल रमेश से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान हो सकी। इसके बाद उनके स्वजनों को सूचना दी गई।जांच अधिकारी राजबीर का कहना है प्रारंभिक तौर पर उन्हें पता चला है कि ये दोनों आगरा से जालंधर अपने घर जा रहे थे। पूरी जानकारी स्वजनों के करनाल पहुंचने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। स्वजनाें के आने के बाद शव पोस्टमार्टम करवा उन्हें सौंप दिया जाएगा।


