मध्यप्रदेश, 23 मार्च (बु.)। ग्वालियर में मंगलवार की सुबह बस और ऑटो की भीषण भिड़ंत हो गई, इस हादसे में 13 लोगो की मौत हो गई और तीनों लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुँची पुलिस ने 13 शवों को वाहनों से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतकों में 12 महिलाएं हैं और एक ऑटो चालक शामिल है। जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र इलाके में बस और ऑटो के बीच भारी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक महिलाएं आंगनबाड़ी के लिए खाना बनाने का काम करती थी। यह सभी अपना काम खत्म करके दो ऑटो रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं, लेकिन एक ऑटो रास्ते में खराब हो गया और ये सभी एक ही रिक्शा में बैठ गईं।ऑटो रिक्शा जैसे ही आगे बढ़ा तो वो आगे एक बस से टकरा गया। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने यहां चक्का जाम कर दिया है और घटनास्थल से आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


