श्रीगंगानगर, 05 मार्च (वार्ता) राजस्थान में बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में कल रात मोटरसाइकिल पर सवार पिता-पुत्र की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गयी। बज्जू पुलिस ने आज बताया कि गांव करणीसर निवासी सवाईसिंह (55) अपने छोटे बेटे गंगासिंह (22) के साथ रात करीब नौ बजे बज्जू से मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। भारत माला प्रोजेक्ट मार्ग पर मोडिया फांटा डंडकलां के मध्य अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए। लोगों ने इनको बज्जू अस्पताल पहुंचाया, तब तक दोनों की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक मृतक सवाईसिंह के बड़े बेटे की 14 मार्च को शादी होनी है। शादी का सामान लेने के लिए सवाईसिंह छोटे बेटे के साथ कल दिन में बज्जू आया था। मृतक के भाई देवीसिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। शव आज पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।


