शाहजहांपुर 23 मार्च(वार्ता) उत्तर प्रदेश में शाहजहाँपुर के बंडा इलाके में दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीवों की तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार किए गए तस्कर के पास से दुर्लभ प्रजाति के 2 कोबरा सांप और एक कछुआ बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद वन्य जीवों को वनविभाग की टीम के सुपुर्द कर तस्कर को जेल भेज दिया है। अपराध एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन पाताल के दौरान बण्डा पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कर्रखेड़ा में दबिश देकर लव कुमार नाम के तस्कर को आज गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया है।



