18.9 C
Muzaffarnagar
Wednesday, March 18, 2026

लखनऊः LDA ने भू माफियाओं से खाली कराई डेढ़ करोड़ की जमीन

लखनऊ, 06 मार्च (बु.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (लविप्रा) द्वारा सीतापुर रोड स्थित सीतापुर रोड के अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर इनायतअली के सेक्टर एच में करीब पांच हजार वर्ग मीटर जमीन खाली कराई गई। जमीन की बाजार में कीमत डेढ़ करोड़ रुपये है। डीएम एवं लविप्रा उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश के निर्देश पर अधिशासी अभियंता केके बंसला की टीम और पीएएसी की सहायता से एथनोग्राफिक एंड फोक कल्चर सोसाइटी को भौतिक कब्जा दे दिया गया। यहां टीम पहुंचने पर स्थानीय दबंग मुकेश सैनी द्वारा पहले अभियंताओं को अर्दब में लेने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस व रजिस्ट्री होने के कारण सैनी की चल नहीं सकी। ओडिसा समाज से जुड़े लोगों को यह जमीन लविप्रा ने सालों पहले आवंटित की थी। इसके बाद स्थानीय मुकेश सैनी नाम के शख्स ने जमीन पर कब्जा करके बाउंड्री वाल बना ली। यही नहीं जमीन में सब्जी उगाने के साथ ही चार पहिया व दो पहिया वाहन खड़े होने लगे। अभियंताओं के मुताबिक जब सोसाइटी के लोग जाते तो उन्हें धमकाकर भगा दिया जाता। इसकी शिकायत सोसाइटी के लोगों ने डीएम एवं लविप्रा उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश से मिलकर की। इस पर अभिषेक प्रकाश ने अधिशासी अभियंता केके बंसला को निर्देश दिए कि जमीन  मुक्त कराई जाए सहायक अभियंता एसएन प्रसाद, अजय गोयल व अवर अभियंता अजय महेंद्र ने पहुंचकर जमीन को मुक्त कराया। अभियंताओं के मुताबिक डेढ़ दशक से जमीन पर कब्जा था। बाउंड्रीवाल के भीतर कमरे व शौचालय की सुविधा भी थी। वहीं सड़क की तरफ किराए पर जमीन दे रखी थी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles