पश्चिम बंगाल, 27 मार्च (बु.)। बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में छिटपुट हिंसा के बीच अपरान्ह तीन बजे तक 70.17 फीसद मतदान हुआ। बांकुड़ा में 68.03 फीसद, झाड़ग्राम में 72.10 फीसद, पश्चिम मेदिनीपुर में 68.76 फीसद, पूर्व मेदिनीपुर में 72.38 फीसद और पुरुलिया में 69.24 फीसद वोट पड़े। कई जगहों पर बूथों में गड़बड़ी, मतदाताओं को मारने-पीटने और डराने-धमकाने, ईवीएम मशीनों में खराबी व उनसे छेड़छाड़ किए जाने और मतदाताओं को खिला-पिलाकर प्रभावित करने के मामले सामने आए हैं। शुक्रवार देर रात से ही चुनाव वाले क्षेत्रों में हिंसा का दौर शुरू हो गया था। पूर्व मेदिनीपुर के पटाशपुर क्षेत्र में रात को गश्त लगा रहे पुलिसकर्मियों व केंद्रीय बल के जवानों को लक्ष्य करके बम फेंके गए। इसमें स्थानीय थाने के ओसी दीपक कुमार चक्रवर्ती व केंद्रीय बल का एक जवान जख्मी हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने हमले के पीछे पाकिस्तानियों का हाथ बताया है।दूसरी तरफ केशियारी के बेगमपुर इलाके में शनिवार सुबह एक भाजपा कर्मी का शव उसके घर के अहाते से खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। उसके सिर व पीठ पर जख्म के निशान हैं। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल समर्थकों ने अन्यत्र उसकी पीटकर हत्या करने के बाद शव को लाकर उसके घर के अहाते में रख दिया। दूसरी तरफ तृणमूल ने इस घटना में हाथ होने से इन्कार किया है। चुनाव आयोग ने इस घटना पर जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की। आयोग को जो रिपोर्ट सौंपी गई है, उसमें मौत को स्वाभाविक बताया गया है।


