प्रयागराज, 11 मार्च (बु.)। महाशिवरात्रि के पर्व पर सूर्य उदय होते ही गंगातट पर दूर-दूर से आए लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालु गुरुवार की भोर से स्नान करने लगे। इससे संगम की धरा भोलेमय है। स्नान के बाद श्रद्धालु तीर्थपुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर रहे हैं। धर्म-कर्म, त्याग व समर्पण के माघ मेला का छठवां व अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर अबकी ग्रह-नक्षत्रों में दुर्लभ सामंजस्य बना है। इसी कारण स्नान, ध्यान व दान को लेकर लोगों में ज्यादा उत्साह है। संगम क्षेत्र स्नानार्थियों से गुलजार है। मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए संगम में स्नान करने के लिए श्रद्धालु बुधवार को ही प्रयागराज पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। जगह-जगह सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है।


