दिल्ली, 21 मार्च (बु.)। दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से लोगों को दिन में होने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को मौसम साफ है। आज दिनभर मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। हालांकि, सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे पहले दिल्ली के मौसम में शनिवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट हुई लेकिन गर्मी से खास राहत नहीं मिली। क्योंकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक होने से 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इस वजह से दिन में गर्मी रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 22 से 24 मार्च को आकाश में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 25 व 26 मार्च को आकाश साफ रहेगा लेकिन उस दिन तेज हवा चल सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


