दिल्ली, 02 मार्च (बु.)। तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर दिल्ली-एनसीआर के चारों बॉर्डर (शाहजहांपुर, टीकरी, सिंघु और टीकरी) पर हजारों की संख्या में किसान डटे हुए हैं। सिंघु बॉर्डर पर किसानों का धरना प्रदर्शन 100 दिन को भी पार कर चुका है। इस बीच दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दर्जनभर जिले के लोगों के लिए मंगलवार को राहत भरी खबर आई। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार सुबह ही यूपी गेट बॉर्डर पर दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले लोगों के लिए फ्लाईओवर की एक लेन खोल दी। दिल्ली पुलिस द्वारा दी गई इस राहत के बाद राजधानी दिल्ली से गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ जाने वाले हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली पुलिस द्वारा मुहैया कराई गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ही पुलिस ने यूपी गेट पर दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले फ्लाइओवर के एक लेन से बैरियर हटा दिया। इससे गाजियाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को जाम का सामना करना नहीं पड़ेगा। इससे पहले बॉर्डर बंद होने से गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर स्थित ईडीएम माल या आनंद विहार बार्डर होकर ही गुजरना पड़ रहा था। इन दोनों प्वाइंटों पर शाम को जाम लगता था। एक लेन खुलने से या ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। इससे गाजियाबाद और दिल्ली के बीच सफर करने वालों को भी राहत मिलेगी।


