दिल्ली, 19 फरवरी (बु.)। एक तरफ कोरोना महामारी का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर लोगों में कोरोना का जरा भी खौफ देखने को नही मिल रहा है। दरअसल कोरोना का टीका आते ही राजधानी के लोग महामारी के प्रति लापरवाह हो गए हैं। पिछले एक सप्ताह से राजधानी में संक्रमण दर लगातार बढ़ रही है। इसके बाद भी लोग सुधर नहीं रहे हैं। स्थिति यह है कि मेट्रों में लोग बिना मास्क और शारीरिक दूरी का पालन किए सफर कर रहे हैं। व्यस्त समय में मेट्रो में हालात और बदतर हो जाते हैं और सफर कर रहे लोग सारे नियमों को ताक पर रख देते हैं।कई स्टेशनों पर बैग सैनिटाइजेशन के नाम पर सिर्फ औपचारिकता ही निभाई जाती है। विपिन कुमार झा नाम के यात्री ने ट्वीट कर डीएमआरसी से शिकायत भी की और कहा कि स्टेशनों पर सैनिटाइजेशन ठीक से नहीं हो रहा है। डाबड़ी मोड़ स्टेशन पर बैग सैनिटाइज करने की सुविधा नहीं है। जवाब में डीएमआरसी ने कहा कि बैग सैनिटाइजेशन मशीन खराब हो गई। फिर भी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।


