हरियाणा, 13 फरवरी (बु.)। शहर की तेज कालोनी में ससुराल में गए दामाद के ऊपर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। झुलसी हालत में युवक पुलिस चौकी पहुंचा, जिसके बाद उसे पीजीआइएमएस में भर्ती कराया गया। बयान के आधार पर कई आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत में ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी के रहने वाले ऋषि ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। उसकी शादी तेज कालोनी की रहने वाली रोजी के साथ हो रखी है। उन दोनों की एक बेटी भी है। ऋषि ने बताया कि उसके और उसकी पत्नी रोजी के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। शुक्रवार रात ऋषि अपनी ससुराल में गया था। वहां पर सास सरोज नागपाल, साला बबलू और राजू नागपाल मौजूद थे। पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी सास के पैर छू रहा था तभी बबलू ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और राजू ने आग लगा दी। ऋषि ने बताया कि वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा, लेकिन आरोपितों ने उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया। वह किसी तरह उनके चंगुल से बचकर घर से बाहर निकल आया और गली में भागते हुए सलारा मुहल्ला चौकी में पहुंचा। वहां पर पुलिसकर्मियों ने उसकी आग बुझाई। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआईएमएस में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ऋषि के बयान दर्ज किये हैं। पीड़ित के बयान के आधार पर पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।


