16 C
Muzaffarnagar
Friday, March 20, 2026

सोनभद्रः मामूली विवाद के चलते सास और जेठानी पर महिला ने चाकू से किया हमला

सोनभद्र, 16 फरवरी (बु.)। चोपन थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत कोटा के वसुधा टोला में  सोमवार की रात विवाहिता ने चाकू से प्रहार कर सास और जेठानी को जख्मी कर दिया। वारदात की जानकारी होने के बाद पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार घटना की वजह पारिवारिक विवाद की जानकारी मिली है। वसुधा गांव निवासी कमला पुत्र लालजी की शादी एक वर्ष पूर्व कोन थाना क्षेत्र के निगाई की सोनी से हुई है। शादी के बाद सोनी ससुराल में लगभग तीन सप्ताह ही रही। लालजी के दोनों पुत्र कमला और मुद्रिका केरल में रहकर कार्य करते हैं। सोमवार की रात 12 बजे सोनी अपने मायके निगाई से ससुराल बसुधा पहुंची और सो रही सास पानमती (44) पत्नी लालजी पर चाकू से प्रहार कर दिया। पानमती की चीख सुनकर बगल के कमरे में सो रही उसकी बड़ी बहू चंदा (23) मौके पर पहुंची। इस दौरान गुस्‍से में सोनी ने चंदा पर भी चाकू से हमलाकर जख्मी कर दिया। वहीं रात में चाकू लगने के बाद चंदा के शोर मचाने पर पड़ोसियों की नींद खुल गई। पड़ोसियों ने सोनी को पकड़ने के बाद रात में ही रस्सी से बांध दिया। पुलिस हमलावर महिला के साथ ही उसके ससुर लालजी को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। चोपन थाना प्रभारी नवीन तिवारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की पूरी जानकारी की जा रही है। इस बाबत अब तक परिजनों से तहरीर भी नहीं मिली है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों का चालान किया जाएगा। फिलहाल इसे पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles